नर के प्रति क्यों आकर्षित होती हैं मादाएं?


अक्सर देखा गया है कि खूबसूरत महिलाएं अपने से कम बुद्धिमान और कम आकर्षक पुरूषों पर भी मर मिटती हैं। इतिहास गवाह है कि कितनी ही नामीगिरामी महिलाओं ने अपने से बहुत ‘फीके’ पुरूषों के साथ विवाह रचाया पर इस रहस्य को कोई नहीं जान पाया कि आखिर ऐसा क्यों होता है कि अधिकांश आकर्षक एवं खूबसूरत महिलाएं बेवकूफ पुरूषों को ही पसंद करती हैं। खैर, ‘गपीज’ नामक मछलियों ने इस रहस्यमय पहेली को सुलझा दिया है। दरअसल वैज्ञानिकों ने गपीज नामक मछलियों में ‘मेट कापिंग’ जैसी प्रवृत्ति पाई है। ये इस तरह की पहली मछलियां हैं, जिनमें इस प्रकार की प्रवृत्ति स्पष्ट देखी गई है। इस प्रजाति की मछलियों में मादा मछली ऐसी नर मछली को ज्यादा पसंद करती हैं, जो अन्य मादा मछलियों में भी लोकप्रिय हो और करीब-करीब ऐसा ही आकर्षण महिलाओं में भी देखा जाता रहा है।

अमेरिका में एक अध्ययन के दौरान मनोवैज्ञानिकों द्वारा किए गए सर्वेक्षण में उन्होंने 60 पुरूषों और 74 महिलाओं को विपरीत लिंगी अजनबियों की तस्वीरें दिखाई, साथ ही उन्हें यह जानकारी भी दी गई कि दूसरे लोगों को भी वे पसंद थे अथवा नहीं। इसके बाद सभी से अलग-अलग यह पूछा गया कि वे इन अपरिचितों के साथ दोस्ती करना पसंद करेंगे या नहीं? सर्वेक्षण के दौरान जो तथ्य प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया, उसके अनुसार हालांकि पुरूष और महिलाओं दोनों ने ही आकर्षक लोगों को पसंद किया लेकिन महिलाओं ने इसके साथ-साथ दूसरी औरतों द्वारा काफी पसंद किए गए पुरूषों में ज्यादा दिलचस्पी दिखाई और उन्हीं को अधिक महत्व दिया। इस अध्ययन से यह भी पता चला कि महिलाएं ऐसे पुरूषों की ओर इसलिए अधिक आकर्षित होती हैं क्योंकि दूसरे लोगों का नजरिया भी उन्हें प्रभावित करता है और उनके मन में उस व्यक्ति के प्रति विशेष रूचि जागृत हो जाती है। ‘गपीज’ मछलियों में मादा के नर के प्रति आकर्षण के तौर-तरीकों को देखकर ही वैज्ञानिक इस रहस्य को समझ पाए हैं।
प्रस्तुति: योगेश कुमार गोयल

Comments

Popular posts from this blog

तपती धरती और प्रकृति का बढ़ता प्रकोप

पंखों वाली गाय !